महोबा में दिखने लगा ईरान–इजराइल युद्ध का असर, गैस एजेंसियों पर उमड़ी भीड़
कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने की चर्चा से उपभोक्ता परेशान, एडवांस बुकिंग के लिए जद्दोजहद
महोबा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे ईरान–इजराइल युद्ध का असर अब बुंदेलखंड के महोबा जिले में भी दिखाई देने लगा है। कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति कम होने और एजेंसियों के कोटा घटने की चर्चाओं के बाद गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ने लगी है। लोग संभावित गैस संकट को देखते हुए एडवांस बुकिंग कराने के लिए गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं।

महोबा में इन दिनों शादी-विवाह का सीजन चल रहा है। ऐसे में कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होने की जानकारी सामने आते ही होटल, कैटरिंग व्यवसायी और आम उपभोक्ता घरेलू गैस सिलेंडरों की बुकिंग कराने के लिए गैस एजेंसियों पर पहुंचने लगे हैं। अचानक ग्राहकों की संख्या बढ़ने से एजेंसी संचालकों को भी व्यवस्थाएं संभालने में कठिनाई हो रही है।
बताया जा रहा है कि ईरान–इजराइल युद्ध के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने की चर्चाओं के चलते बाजार में गैस की उपलब्धता को लेकर आशंका बढ़ गई है। इसी वजह से कई स्थानों पर कॉमर्शियल सिलेंडरों की बिक्री पर रोक या कोटा कम होने की चर्चा है, जिससे उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ गई है।
गैस एजेंसियों पर पहुंचे कई उपभोक्ताओं को बुकिंग कराने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सर्वर डाउन होने के कारण ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया प्रभावित रही, जिससे लोग घंटों गैस गोदामों और एजेंसी कार्यालयों के बाहर इंतजार करते नजर आए। कई उपभोक्ता संभावित संकट से बचने के लिए पहले से ही सिलेंडर भरवाने की कोशिश करते दिखे।
दूसरी ओर कॉमर्शियल सिलेंडर का कोटा कम होने से शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में घरेलू गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल की संभावना बढ़ गई है। इससे आने वाले दिनों में घरेलू गैस सिलेंडरों की मांग बढ़ने और उपभोक्ताओं को परेशानी होने के आसार भी जताए जा रहे हैं।
इस मामले में जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि कॉमर्शियल सिलेंडरों की कमी का असर घरेलू गैस की खपत पर पड़ सकता है। शादी-विवाह के आयोजनों में कॉमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध न होने पर लोग घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग कर सकते हैं। हालांकि फिलहाल जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा गैस आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी की जा रही है ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
#Mahoba #Bundelkhand #GasCylinder #IranIsraelWar #MahobaNews #BundelkhandHulchal




