महोबा। जनपद के मंगलगढ़ किला से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां रियासत कालीन अष्टधातु की ऐतिहासिक तोप को चोरी करने का प्रयास किया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी मशीन से तोप को काटकर उसे ले जाने की कोशिश कर रहा था।

जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान रजनीकांत मिश्रा के रूप में हुई है, जो देर रात किले परिसर में पहुंचा और मशीन से तोप को काटने लगा। इस दौरान तोप का लगभग आधा हिस्सा कट चुका था। घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद के लिपिक संजीत कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।
इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी ऐतिहासिक अष्टधातु की तोप को चोरी कर बेचने की फिराक में था।
घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। यह पूरा मामला चरखारी कोतवाली क्षेत्र के मंगलगढ़ किले का बताया जा रहा है।



