पनवाड़ी/महोबा | खबर महोबा
सड़क पटरी पर दुकानदारों ने बना लिए टपरे, सड़क पर खड़ी बसों से बिगड़ रही यातायात व्यवस्था; लोगों ने जिलाधिकारी से की अतिक्रमण हटवाने की मांग
पनवाड़ी (महोबा)। कस्बे के राठ-झांसी तिगैला स्थित बस स्टैंड पर सड़क पटरी पर अतिक्रमण के चलते आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे स्थानीय लोगों के साथ ही दूर-दराज से आने-जाने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटवाकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

कई शहरों के लिए होता है बसों का आवागमन
पनवाड़ी तिगैला बस स्टैंड से झांसी, मिर्जापुर, राठ, महोबा, उरई, जालौन, दिल्ली, कानपुर और इंदौर समेत कई शहरों के लिए निजी एवं राज्य परिवहन की बसें संचालित होती हैं। इसके बावजूद यहां व्यवस्थित बस स्टैंड की सुविधा नहीं होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
सड़क पटरी पर अतिक्रमण से बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले बसें सड़क की पटरी पर यात्रियों को उतारने और चढ़ाने के बाद अपने गंतव्य के लिए रवाना हो जाती थीं। इससे सड़क पर यातायात सुचारु बना रहता था। लेकिन अब सड़क पटरी पर दुकानदारों द्वारा टपरे और दुकानें बना लिए जाने के कारण बसों को सड़क पर ही खड़ा करना पड़ता है। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित होती है और जाम की समस्या बढ़ जाती है।
पीस कमेटी की बैठक में भी उठा मुद्दा
स्थानीय लोगों का कहना है कि तिगैला बस स्टैंड पर अतिक्रमण की समस्या का मुद्दा थाना परिसर में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में भी उठाया जा चुका है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। जाम के कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और बस यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है।
जिलाधिकारी से अतिक्रमण हटवाने की मांग
कस्बे के गणमान्य नागरिकों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराते हुए राठ-झांसी तिगैला बस स्टैंड से सड़क पटरी पर किए गए अतिक्रमण को हटवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा नियमित कार्रवाई कर बसों के व्यवस्थित ठहराव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात सुचारु हो सके और लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।


