तेज रफ्तार डंपर ने सब्जी ठेला विक्रेता परिवार को मारी टक्कर, मां-बेटे समेत 4 घायल
महोबा। शहर कोतवाली क्षेत्र के डाक बंगला मैदान के समीप कानपुर-सागर हाईवे पर रविवार को तेज रफ्तार बेकाबू डंपर ने सड़क किनारे सब्जी का ठेला लगाए परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में सब्जी विक्रेता की पत्नी और 10 वर्षीय बेटा समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां बेटे की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
महोबा शहर के सुभाषनगर मोहल्ला निवासी कैलाश हाथ ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। रोजाना की तरह उसकी पत्नी छोटी बाई अपने 10 वर्षीय बेटे कार्तिक के साथ डाक बंगला मैदान के पास सड़क किनारे सब्जी बेच रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर ठेले से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छोटी बाई और उसका बेटा कार्तिक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बेटे कार्तिक की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि डाक बंगला मैदान के पास इस मार्ग पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और सड़क किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है।





