जल जीवन मिशन की पानी टंकी टेस्टिंग के दौरान फटी

1000420280.jpg

नगारा डांग (जैतपुर) में जल जीवन मिशन की पानी टंकी टेस्टिंग के दौरान फटी, घटिया निर्माण के आरोप

महोबा, जैतपुर। विकासखंड जैतपुर की ग्राम पंचायत नगारा डांग में नमामि गंगे व जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पानी की टंकी टेस्टिंग के अगले ही दिन बीच से फट जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इसे मानक-विहीन व घटिया निर्माण का परिणाम बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

बताया गया कि 13 फरवरी को पाइपलाइन डालने के बाद टंकी की टेस्टिंग की गई। अगले दिन 14 फरवरी को टंकी बीच से फट गई, जिससे भरा हुआ पानी बह गया। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई, जिसके कारण यह घटना हुई।

ग्राम प्रधान गायत्री देवी ने जिलाधिकारी महोबा एवं अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) को लिखित शिकायत देकर पूरे प्रकरण की जांच कराने तथा दोषी कर्मचारियों/कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस लापरवाही से सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है और “हर घर नल से जल” योजना की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगा है।

ग्राम प्रधान के साथ ग्रामीण गौरी शंकर राजपूत, अशोक राजपूत, पप्पू साहू, मोहम्मद हकीम, सोनू, प्रदीप राजपूत सहित अन्य ने भी प्रशासन से अपील की है कि निर्माण की तकनीकी जांच कराई जाए, दोषियों की जवाबदेही तय की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए गुणवत्ता नियंत्रण की सख्त व्यवस्था लागू की जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते निगरानी व गुणवत्ता परीक्षण पारदर्शी तरीके से नहीं किए गए, तो ग्रामीण पेयजल योजनाओं का उद्देश्य प्रभावित होगा। मामले में प्रशासनिक स्तर पर जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Scroll to Top