महोबा NEWS नगाराडांग में जल जीवन मिशन की जांच

1000423939.jpg

नगाराडांग में जल जीवन मिशन की जांच: टीम को सब ठीक, ग्रामीणों ने उठाए सवाल

नगाराडांग | महोबा

नगाराडांग गांव में पानी की टंकी के लीकेज प्रकरण के बाद मचे विवाद के बीच जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय जांच टीम ने गांव पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। जांच टीम ने अपनी प्रारंभिक जांच में टंकी में किसी प्रकार का लीकेज नहीं पाए जाने की बात कही है, जबकि ग्रामीण अब भी जलापूर्ति में लापरवाही और अधूरे कार्यों का आरोप लगा रहे हैं।

वायरल वीडियो के बाद बढ़ा विवाद

14 फरवरी को जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित शिरोपरि जलाशय (ओवरहेड टैंक) में लीकेज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कार्यदाई संस्था पर लापरवाही के आरोप लगाए थे। वहीं अधिकारियों की ओर से इसे ओवरफ्लो की स्थिति बताते हुए वास्तविक लीकेज से इंकार किया गया था।

जांच टीम ने क्या कहा?

जिलाधिकारी गजल भारद्वाज के निर्देश पर गठित टीम शुक्रवार को गांव पहुंची। एडीएम नमामि गंगे मोइनुल इस्लाम के अनुसार, धवर्रा-सिजवाहा ग्राम समूह पेयजल योजना के तहत 300 केएल क्षमता वाली टंकी की गहन जांच कराई गई।

जांच दल में अधिशासी अभियंता जल निगम संदेश सिंह तोमर, सहायक अभियंता मनोज कुमार और टीपीआई प्रोजेक्ट मैनेजर शामिल रहे। टंकी की ड्रोन से वीडियोग्राफी भी कराई गई। एडीएम का कहना है कि जांच में टंकी में कोई लीकेज नहीं पाया गया है और विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी।

ग्रामीणों के आरोप बरकरार

गांव के अवधेश, गौरीशंकर राजपूत सहित अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि चार माह पूर्व जलापूर्ति शुरू होने के बावजूद पूरे गांव में नियमित पानी नहीं पहुंच रहा। कई गलियों में पाइपलाइन मरम्मत अधूरी है, नलों में टोटियां नहीं लगी हैं और कई परिवारों को अब तक कनेक्शन नहीं दिए गए हैं।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि टंकी के लीकेज का वीडियो सामने आने के बाद आनन-फानन में मरम्मत कार्य कराया गया और जांच टीम ने ग्रामीणों के बयान दर्ज किए बिना औपचारिक जांच पूरी कर ली।

मंत्री-विधायक विवाद के बाद बढ़ी निगरानी

30 जनवरी को जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के दौरे के दौरान चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत द्वारा जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही के आरोप लगाए जाने के बाद मामला सुर्खियों में आया था। विधायक ने बीस दिन में सुधार का समय मिलने की बात कही थी, जिसकी अवधि अब पूरी हो चुकी है।

सूत्रों के अनुसार विधायक इन दिनों सदन की कार्रवाई में भाग लेने के लिए लखनऊ में हैं और लौटने के बाद जमीनी निरीक्षण की तैयारी कर सकते हैं।

अधूरे कार्यों पर सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि टंकी परिसर में सीढ़ी और बाउंड्री वॉल का निर्माण अधूरा है। जगह-जगह पाइपलाइन लीकेज की शिकायतें हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे गांव में नियमित और समान जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कराया जाए।

फिलहाल जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपे जाने के बाद प्रशासनिक कार्रवाई की दिशा स्पष्ट होगी, लेकिन गांव में जल जीवन मिशन की कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष बना हुआ है।

#Mahoba #जलजीवनमिशन #Nagardang #Bundelkhand #UPNews

Scroll to Top