महोबा: संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में मिला दो दिन से लापता युवक का शव, इलाके में मचा हड़कंप

महोबा जिले के कुलपहाड़ थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब दो दिन से लापता एक युवक का शव खेत में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, धीरज सोनी (23) पुत्र राजू सोनी, निवासी बजरिया जैतपुर, दो दिन पहले रहस्यमय परिस्थितियों में अपने घर से गायब हो गया था। युवक के घर न लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे और मामले की सूचना पुलिस को भी दे दी गई थी।

शुक्रवार को कुलपहाड़ थाना क्षेत्र के लमौरा और बछेछर खुर्द गांव के बीच सड़क किनारे स्थित एक खेत में युवक का शव पड़ा मिला। खेत में शव देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव के पास ही युवक की बाइक और मोबाइल फोन भी पड़े मिले, जिससे मामले को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और युवक की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Scroll to Top