महोबा में भीषण जाम से आधा घंटे तक थमे रहे वाहन, स्कूली बच्चे और यात्री परेशान
महोबा। शहर के महोबा-मुस्करा मार्ग पर बिलबई चुंगी और संत जोसफ्स स्कूल के बीच स्थित पुलिया पर शनिवार सुबह भीषण जाम लग गया। जाम के चलते करीब आधा घंटे तक रोडवेज बस, स्कूल बस, स्कूली बच्चों से भरे टैंपो, ई-रिक्शा, चार पहिया वाहन और बाइक समेत पैदल स्कूली बच्चे फंसे रहे। इससे राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे बिलबई चुंगी के समीप पुलिया पर अचानक वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों का आवागमन प्रभावित हो गया और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।

जाम की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस की पीआरवी मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने एक ओर से वाहनों को रोककर दूसरी ओर से यातायात निकलवाया, जिसके बाद करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुल सका। जाम खुलने के बाद फंसे वाहन और यात्री अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
वहीं, जाम खुलने के तुरंत बाद चरखारी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनने के लिए अधिकारियों का काफिला भी इसी मार्ग से गुजरा।






