महोबा में मंदिर को चोरों ने बनाया निशाना, चांदी के मुकुट, छत्र और पायल चोरी

महोबा में मंदिर को चोरों ने बनाया निशाना, चांदी के मुकुट, छत्र और पायल चोरी; जांच में जुटी पुलिस

महोबा। जनपद में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। चोरों ने इस बार धार्मिक आस्था के केंद्र मंदिर को निशाना बनाते हुए काली माता मंदिर से चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली नगर महोबा क्षेत्र के मोहल्ला काठकुलवापुरा स्थित बंधान वार्ड में छोटी चन्द्रिका मंदिर के बगल में काली माता का मंदिर स्थित है। इसी मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से चांदी के तीन मुकुट, दो छत्र और दो पायल चोरी कर फरार हो गए। घटना की सूचना पीआरवी के माध्यम से पुलिस को दी गई।

खबर से संबंधित फोटो

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारीगण और फॉरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित करने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा चोरी की घटना के खुलासे के लिए मंदिर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।

पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित व्यक्ति से लिखित तहरीर प्राप्त कर थाना कोतवाली नगर महोबा में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस की दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। गठित टीमें विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए साक्ष्य संकलित कर रही हैं।

मंदिर में चोरी की इस घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल है। श्रद्धालुओं ने चोरी की वारदात का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की उम्मीद जताई है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
महोबा में मंदिर को चोरों ने बनाया निशाना, चांदी के मुकुट, छत्र और पायल चोरी महोबा में मंदिर को चोरों ने बनाया निशाना, चांदी के मुकुट, छत्र और पायल चोरी khabar mahoba news

1,033आज के वेबसाइट विजिट
Advertisement
Reporter
Scroll to Top