पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने फीता काटकर किया यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ, जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, पूरे महीने चलेगा जागरूकता एवं चेकिंग अभियान
महोबा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस लाइन महोबा में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर शहर भ्रमण के लिए रवाना किया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात/नगर रविकांत गोंड, क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ अनुरुद्ध कुमार, प्रभारी यातायात सुनील कुमार सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, व्यापारी, एनसीसी कैडेट्स, पत्रकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या यातायात विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी।

अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने भी अपने संबोधन में कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनती है। बच्चों और युवाओं को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना जरूरी है, ताकि सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कलाकारों ने गीत, नाटक एवं अन्य कार्यक्रमों के जरिए सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। प्रस्तुतियों में हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, तेज रफ्तार से बचने तथा यातायात नियमों का पालन करने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने शहर में भ्रमण कर लोगों को सुरक्षित वाहन संचालन और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात माह के दौरान जनपद के विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
महोबा पुलिस ने आमजन से अपील की कि सुरक्षित सफर और सुरक्षित जीवन के लिए यातायात नियमों का पालन करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।



