चरखारी में एक वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

महोबा/चरखारी, 3 नवंबर। कस्बा चरखारी के मोहल्ला चिंतपुरा में सोमवार को एक वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची की मौत के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ला चिंतपुरा में महिला पुलिस चौकी के बगल स्थित एक मकान में एक वर्षीय बच्ची आराध्या का शव घर के अंदर मिला। बच्ची का शव देखकर परिजनों में हड़कंप मच गया। बच्ची के मामा दीपक ने महिला थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर थानाध्यक्ष राहुल मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घर के अंदर तख्त पर बच्ची का शव मिला, जबकि उसकी मां पूजा उसी कमरे में बैठी हुई थी। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान मां पूजा कुछ भी बोल नहीं रही थी। स्थानीय लोगों के बीच उसके मानसिक तनाव और डिप्रेशन को लेकर भी चर्चाएं हैं।

मृतका के मामा दीपक ने बताया कि वह अपनी मां के साथ मजदूरी करने गए थे। शाम करीब सात बजे जब दोनों घर लौटे तो बच्ची मृत अवस्था में मिली। उन्होंने बच्ची के शरीर पर चोट के निशान होने की बात भी कही है, जिसके चलते मौत को लेकर संदेह गहरा गया है।

खबर से संबंधित फोटो

दीपक के मुताबिक, उसकी बहन पूजा की शादी बघारी, नवगांव निवासी रमेश से हुई थी। दंपती की पांच बेटियां थीं, जिनमें 13 वर्षीय परी की पहले ही मौत हो चुकी है। वर्तमान में गुंजन (10), काव्या (6), अव्या (3) और आराध्या (1) अपनी मां के साथ मायके में रह रही थीं। बताया गया कि रमेश पिछले करीब 30 वर्षों से दिल्ली में प्लंबर का काम करता है और छह माह पूर्व पूजा को बच्चों सहित मायके में छोड़ गया था। मामा का दावा है कि पति के साथ न रहने के कारण पूजा मानसिक तनाव में थी।

घटना के बाद मोहल्ले में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, बच्ची की मौत के पीछे वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। थानाध्यक्ष राहुल मिश्रा ने बताया कि बच्ची की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाने में लगी है।

231आज के वेबसाइट विजिट
Advertisement
Reporter
Scroll to Top