सिंचाई करते समय कुएं में गिरकर किसान की दर्दनाक मौत, दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं
चरखारी (महोबा)। खेतों में सिंचाई करते समय कुएं में गिरने से एक किसान की पानी में डूबकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। दीपावली के त्योहार से पहले हुई इस दुखद घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से निकलवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली चरखारी क्षेत्र के ग्राम कीरतपुरा निवासी राम सिंह पटेल (63) पुत्र हल्के पटेल रविवार की रात अपने खेतों में सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह कुएं में जा गिरे। कुएं में पानी अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि सोमवार सुबह जब परिवार के लोग खेत पर पहुंचे तो राम सिंह कहीं दिखाई नहीं दिए। काफी तलाश करने के बाद परिजनों ने कुएं में झांककर देखा तो उनका शव पानी में उतराता दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। घटना की जानकारी तत्काल रिवई चौकी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही रिवई चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों की मदद से किसान के शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पूर्व ग्राम प्रधान एवं समाजसेवी चतुर सिंह पटेल ने बताया कि मृतक किसान के पास करीब 15 बीघा कृषि भूमि थी। वह खेती-किसानी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी विमला देवी और दो पुत्र हैं। किसान की अचानक मौत से पत्नी और दोनों बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव में भी इस घटना को लेकर शोक का माहौल है। जिस घर में दीपावली की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। किसान की असमय मौत से परिवार की खुशियां उजड़ गईं और दीपों के पर्व की रौनक गम में बदल गई।







