रोडवेज बस स्टैंड के पास अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, गुमटियां और ठेले हटवाए

रोडवेज बस स्टैंड के पास अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, गुमटियां और ठेले हटवाए

एसडीएम सदर और सीओ के नेतृत्व में शाम 7:30 बजे हुई कार्रवाई, दोबारा कब्जा करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

महोबा। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से गुरुवार शाम जिला प्रशासन ने रोडवेज बस स्टैंड के पास अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। शाम करीब 7:30 बजे एसडीएम सदर और क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद रोडवेज डिपो की दीवार से सटकर सड़क किनारे लगाई गई गुमटियों और ठेलों को बुलडोजर की मदद से हटवाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार महोबा रोडवेज डिपो की दीवार के आसपास लंबे समय से चाट, चाय, बिरयानी, समोसे और भजिया आदि की दुकानें गुमटियों एवं ठेलों के माध्यम से संचालित हो रही थीं। दुकानों के सड़क तक फैलने के कारण मार्ग संकरा हो जाता था, जिससे दिनभर आवागमन प्रभावित रहता था। खासकर रोडवेज बसों के डिपो से बाहर निकलने और वापस अंदर प्रवेश करने के दौरान चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई बार सड़क पर जाम जैसी स्थिति भी बन जाती थी।

दुकानों के आसपास अराजक तत्वों के जमावड़े की शिकायत

स्थानीय स्तर पर इन दुकानों के आसपास शराबियों और अराजक तत्वों के जमावड़े को लेकर भी शिकायतें सामने आ रही थीं। आरोप था कि यहां आए दिन गाली-गलौज और विवाद की स्थिति उत्पन्न होती थी, जिससे राहगीरों, यातायात पुलिसकर्मियों और रोडवेज कर्मचारियों को परेशानी उठानी पड़ती थी। लगातार बढ़ती समस्या को देखते हुए रोडवेज के एआरएम कमल किशोर आर्य ने जिला प्रशासन से शिकायत कर अतिक्रमण हटवाने की मांग की थी।

खबर से संबंधित फोटो

एआरएम की शिकायत पर हरकत में आया प्रशासन

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सदर शिवध्यान पांडेय, सीओ रविकांत गौड़ तथा कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। नगर पालिका के बुलडोजर की सहायता से सड़क किनारे रखी गई गुमटियों और ठेलों को हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने स्वयं अपनी गुमटी हटाने की बात कही, जिस पर अधिकारियों ने उन्हें तत्काल जगह खाली करने के निर्देश दिए।

दोबारा अतिक्रमण किया तो होगी कार्रवाई

अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि सार्वजनिक सड़क और रोडवेज डिपो के आसपास दोबारा अतिक्रमण कर यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद रोडवेज बस स्टैंड के आसपास यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। अब देखना होगा कि अतिक्रमण हटने के बाद संबंधित विभाग इस मार्ग पर दोबारा कब्जा होने से रोकने के लिए कितनी प्रभावी निगरानी करता है।

1,428आज के वेबसाइट विजिट
Scroll to Top