लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण जरूरी : सीडीओ बलराम कुमा

लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण जरूरी : सीडीओ बलराम कुमार

मतदाता पंजीकरण एवं जागरूकता अभियान को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में हुई महत्वपूर्ण बैठक, विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों और अभिभावकों को मतदान के प्रति जागरूक करने पर दिया जोर

महोबा। जनपद में मतदाता पंजीकरण को बढ़ावा देने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी श्री बलराम कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में माध्यमिक शिक्षा एवं बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने प्रतिभाग किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची में नए एवं पात्र मतदाताओं का नाम शामिल कराने के साथ ही आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करना रहा।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में मतदाता पंजीकरण एवं जागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। विशेष रूप से ऐसे युवा जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, लेकिन अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है, उन्हें चिह्नित कर पंजीकरण प्रक्रिया से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है और इसके लिए मतदाता सूची का अद्यतन एवं शुद्ध होना बेहद आवश्यक है।

सीडीओ ने विद्यालयों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों के माध्यम से उनके अभिभावकों और परिवार के अन्य सदस्यों तक मतदान का संदेश पहुंचाया जाए। विद्यालयों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के जरिए बच्चों को मतदान के महत्व, मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जानकारी दी जाए, ताकि विद्यार्थी अपने परिवार और समाज में भी लोगों को जागरूक कर सकें। उन्होंने प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए कि विद्यालय स्तर पर इस अभियान को गंभीरता से लेते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास करें।

खबर से संबंधित फोटो

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR-Special Summary Revision) की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के अंतर्गत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने, पहले से दर्ज विवरण में आवश्यक संशोधन कराने तथा मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आपसी समन्वय के साथ अभियान को गति देने की अपेक्षा की।

बैठक में समाज में व्याप्त नकारात्मकता और मतदान को लेकर फैली भ्रामक धारणाओं को दूर करने पर भी विशेष जोर दिया गया। सीडीओ ने कहा कि लोगों तक सकारात्मक, तथ्यपरक एवं सही जानकारी पहुंचाई जाए, जिससे नागरिक बिना किसी भ्रम के निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। उन्होंने जागरूकता कार्यक्रमों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए उन्हें जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही बैठक में आगामी जनगणना प्रक्रिया के संबंध में भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को जनगणना से जुड़ी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने तथा आमजन को जनगणना के महत्व और प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, माध्यमिक स्तर के समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं प्रधानाचार्याएं तथा खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती केवल चुनाव कराने से नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक की सक्रिय भागीदारी से सुनिश्चित होती है। इसलिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए मतदाता पंजीकरण एवं जागरूकता अभियान को व्यापक जन-अभियान का रूप दें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

1,195आज के वेबसाइट विजिट
Scroll to Top