बारिश से प्रभावित फसलों का जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने ग्राम पलका में मौके पर पहुंचकर लिया जायजा ।

 

बारिश से प्रभावित फसलों का डीएम प्रभास कुमार ने लिया जायजा, सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश

महोबा। जनपद में लगातार हो रही बारिश से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी प्रभास कुमार ने ग्राम पलका मौजा पहुंचकर खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद कर फसल क्षति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को प्रभावित फसलों का सर्वे कर नियमानुसार रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खेतों में पहुंचकर बारिश से प्रभावित फसलों की स्थिति देखी। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों से फसल नुकसान के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम गठित कर प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे कराने तथा वास्तविक क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण कार्य में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और फसल को हुए वास्तविक नुकसान को ही अभिलेखों में दर्ज किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि पात्र किसानों को शासन के निर्धारित प्रावधानों के तहत सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने कहा कि लगातार बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें और फसलों की स्थिति पर नजर बनाए रखें। किसानों की शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सर्वेक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर शिवध्यान पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Scroll to Top