भाजपा प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी ने महोबा में की संगठनात्मक बैठकें, स्नातक एमएलसी चुनाव में जीत का दिया मंत्र

भाजपा प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी ने महोबा में की संगठनात्मक बैठकें, स्नातक एमएलसी चुनाव में जीत का दिया मंत्र

23 अक्टूबर को भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर को विजयी बनाने के निर्देश, 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान

महोबा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रभारी शंकर लाल लोधी ने रविवार को महोबा पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर को विजयी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से जुटने के निर्देश दिए। साथ ही वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से युद्धस्तर पर शुरू करने का आह्वान किया।

भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पहली बैठक में जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठन की गतिविधियों तथा आगामी चुनावों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी ने कहा कि चुनाव में सफलता हासिल करने के लिए प्रत्येक मतदाता तक पहुंचना और उससे व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी अशोक राठौर के पक्ष में माहौल बनाने तथा मतदाताओं को 23 अक्टूबर को मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।

बैठक में महोबा सदर विधायक राकेश गोस्वामी, भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर, हमीरपुर कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी, पूर्व मंत्री सिद्ध गोपाल साहू, जिला प्रवासी एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अरविंद मुखिया तथा क्षेत्रीय मंत्री विनोद कुशवाहा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके बाद शंकर लाल लोधी ने झांसी-प्रयागराज स्नातक खंड एमएलसी चुनाव अभियान से जुड़े पदाधिकारियों के साथ दूसरी बैठक की। इसमें चुनावी रणनीति, मतदाताओं से संपर्क, बूथ स्तर पर अभियान को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने जैसे विषयों पर चर्चा की गई।

खबर से संबंधित फोटो

बैठक में चुनाव अभियान के जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष योगेश मिश्रा, विधानसभा प्रभारी चक्रपाणि त्रिपाठी, विधानसभा संयोजक संतोष गुप्ता, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष संदीप तिवारी, मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र गुप्ता, जिला प्रवासी अरविंद मुखिया, क्षेत्रीय मंत्री विनोद कुशवाहा तथा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर जोर

प्रदेश महामंत्री ने पदाधिकारियों से कहा कि चुनाव अभियान में सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटें। बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय रखते हुए मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखें और आपसी समन्वय के साथ चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करें।

उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता पार्टी की सफलता का आधार है। इसलिए सभी पदाधिकारी अभी से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति दें, जनसंपर्क बढ़ाएं और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।

बैठकों के माध्यम से भाजपा नेतृत्व ने स्नातक एमएलसी चुनाव में जीत हासिल करने के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।

1,045आज के वेबसाइट विजिट
Advertisement
LIC agent
Room rent
Scroll to Top