पनवाड़ी (महोबा)। कस्बा पनवाड़ी और विकासखंड क्षेत्र में विधायक निधि से लाखों रुपये की लागत से लगाई गई हाईमास्ट और एलईडी फ्लड लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। कई प्रमुख चौराहों और मार्गों पर रोशनी की व्यवस्था ठप होने से शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पनवाड़ी मेन तिगैला, नेहरू इंटर कॉलेज बाईपास, ब्लॉक चौराहा, पाठकपुरा, सुभाष नगर, महान मार्केट के सामने, बस स्टैंड, थाना परिसर का ग्राउंड, पोस्ट ऑफिस और जटपुरा सहित कई स्थानों पर हाईमास्ट व एलईडी फ्लड लाइटें खराब पड़ी हैं। लोगों का कहना है कि कुछ लाइटें लगने के कुछ ही महीनों बाद बंद हो गई थीं, लेकिन लंबे समय बीतने के बावजूद उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। वहीं, दो स्थानों पर लाइटें टूटकर पड़ी होने की बात भी सामने आई है।
लाखों खर्च होने के बाद भी रोशनी का इंतजार
सार्वजनिक धन से लगाई गई इन लाइटों का उद्देश्य प्रमुख चौराहों, बाजारों और आवागमन वाले रास्तों को रोशन करना था, ताकि लोगों को रात के समय परेशानी न हो। लेकिन लाइटें खराब होने से इस व्यवस्था की उपयोगिता पर सवाल उठ रहे हैं। अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को लेकर भी स्थानीय लोग परेशान हैं।
मरम्मत कराकर व्यवस्था बहाल करने की मांग
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में लगी सभी खराब और टूटी हाईमास्ट व एलईडी फ्लड लाइटों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। साथ ही, उनकी जल्द मरम्मत कराकर प्रमुख चौराहों और मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था बहाल की जाए।
लोगों का कहना है कि जनहित में खर्च की गई सरकारी धनराशि का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब इन सुविधाओं का नियमित रखरखाव किया जाए। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस समस्या पर कब संज्ञान लेता है और कस्बे के प्रमुख स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था कब तक बहाल होती है।
खबर महोबा | जनहित की खबरें, आपके क्षेत्र से


