शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिलबई के मजरा दिसरापुर निवासी 35 वर्षीय जगत विश्वकर्मा की खराद मशीन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार जगत विश्वकर्मा पुत्र राधेश्याम विश्वकर्मा सोमवार सुबह शहर के कबरई रोड स्थित बाबा ढाबा के पास अपनी विश्वकर्मा बिल्डिंग वर्कशॉप पर कृषि यंत्र और लोहे के पाइप आदि का काम कर रहे थे। इसी दौरान वह खराद मशीन से शाफ्ट बना रहे थे। अचानक मशीन में उनकी टी-शर्ट का हिस्सा फंस गया और कपड़े के जरिए गला मशीन की चपेट में आ गया।
हादसा होते देख आसपास के दुकानदारों ने तत्काल दौड़कर मशीन की बिजली का कनेक्शन काटा और घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही जगत के पिता राधेश्याम मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल महोबा ले गए।
जिला अस्पताल में सुबह की इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. वरुण कुमार निर्मल ने परीक्षण के बाद जगत विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर की ओर से घटना की लिखित सूचना शहर कोतवाली पुलिस को दी गई।
सूचना पर पुलिस ने मोर्चरी पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मृतक के पिता राधेश्याम ने बताया कि जगत अपनी दुकान से ही परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जगत अपने पीछे पत्नी लक्ष्मी विश्वकर्मा, दो बेटियों और एक बेटे को छोड़ गया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





