महोबा में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, 30 सितंबर तक गड्ढों की मरम्मत के निर्देश

महोबा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, स्कूली वाहनों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्कूली वाहनों की फिटनेस और बीमा की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि जिन वाहनों की फिटनेस या बीमा लंबित है अथवा जिनकी वैधता समाप्त होने वाली है, उनका कार्य समय से पूरा कराया जाए। साथ ही स्कूली वाहन चालकों का चरित्र सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।

🚌 स्कूली वाहनों में अटैन्डेन्ट की व्यवस्था

बैठक में विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठकें आयोजित कर उनकी अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने को कहा गया। इसके अलावा महिला विद्यालयों की बसों में महिला अटैन्डेन्ट तथा पुरुष विद्यालयों की बसों में पुरुष अटैन्डेन्ट नियुक्त करने के निर्देश दिए गए।

🛣️ 30 सितंबर तक सड़कों की मरम्मत के निर्देश

लोक निर्माण विभाग, एनएच, एनएचएआई और नगर पालिका परिषद को निर्देशित किया गया कि जिन मार्गों पर झाड़ियां होने के कारण दृश्यता प्रभावित हो रही है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए।

सभी संबंधित सड़क विभागों को गड्ढों, पैचवर्क और खराब सड़कों का सर्वे कर 30 सितंबर तक मरम्मत एवं आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि खराब या गड्ढायुक्त सड़क के कारण दुर्घटना होने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।

🚧 हमीरपुर चुंगी से किडारी फाटक तक सड़क होगी दुरुस्त

एनएचएआई छतरपुर को हमीरपुर चुंगी से किडारी फाटक तक सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराकर मार्ग को यातायात के लिए सुगम बनाने के निर्देश दिए गए।

🚨 अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चलेगा अभियान

महोबा, चरखारी और कुलपहाड़ नगर पालिका क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस प्रशासन के सहयोग से अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को राहवीर योजना के लाभों के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं के दौरान लोगों को योजना का लाभ मिल सके।

बैठक में दिए गए निर्देशों का उद्देश्य जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है।

Scroll to Top