अपर पुलिस अधीक्षक महोबा की अध्यक्षता में विशेष किशोर पुलिस इकाई एवं बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न, बाल संरक्षण एवं गुमशुदा बच्चों की बरामदगी पर दिया गया विशेष बल*

* आज दिनांक 08.10.2026 को जनपद महोबा की रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में पुलिस अधीक्षक महोबा श्री शशांक सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक महोबा की अध्यक्षता में विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) एवं बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक सम्पन्न हुई।
* बैठक में महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के क्रम में बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति एवं बाल विवाह की रोकथाम हेतु प्रभावी एवं सार्थक कार्यवाही सुनिश्चित करने के संबंध में उपस्थित अधिकारी/कर्मचारीगण को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही पॉक्सो अधिनियम-2012 एवं लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण नियमावली-2020 के अंतर्गत पीड़ित बालक/बालिकाओं के चिकित्सीय परीक्षण, संरक्षण, बयान एवं अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाहियों को संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।
* बैठक के दौरान गुमशुदा/अपहृत बालक-बालिकाओं की शीघ्र बरामदगी, बरामदगी के उपरांत आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण, संबंधित विधिक प्रावधानों के अंतर्गत बयान, बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुतिकरण तथा प्रकरणों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
* बाल कल्याण समिति महोबा द्वारा थानों पर नियुक्त बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों को धारा 137/87 बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित प्रकरणों में बालक/बालिका के प्रारूप (क) एवं (ख) का अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
*अपर पुलिस अधीक्षक महोबा द्वारा उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि—*
* गुमशुदा बच्चों से संबंधित प्रकरणों में त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
* बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति एवं बाल विवाह की रोकथाम हेतु क्षेत्र में प्रभावी कार्यवाही एवं जागरूकता सुनिश्चित की जाए।
* पॉक्सो अधिनियम एवं बाल संरक्षण से संबंधित प्रकरणों में पीड़ित बालक/बालिका के चिकित्सीय परीक्षण, संरक्षण एवं अन्य आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध एवं विधिसम्मत रूप से पूर्ण की जाए।
* बाल कल्याण समिति एवं किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष बालक/बालिका के प्रस्तुतिकरण तथा निर्धारित प्रारूप (क) एवं (ख) के अनुपालन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
* विवेचना के दौरान आने वाली समस्याओं का समय रहते निराकरण करते हुए आवश्यकतानुसार उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए।
* बैठक में माननीय किशोर न्याय बोर्ड महोबा के सदस्य, बाल कल्याण समिति महोबा, अभियोजन कार्यालय महोबा, मुख्य चिकित्सालय महोबा, सीएमएस महिला जिला चिकित्सालय महोबा, आरपीएफ महोबा, जीआरपी महोबा, बेसिक शिक्षा कार्यालय महोबा, प्रभारी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट महोबा, वन स्टॉप सेंटर, स्वास्थ्य विभाग, चाइल्ड लाइन महोबा, महिला थाना/एसजेपीयू प्रभारी सहित जनपद के समस्त थानों पर नियुक्त बाल कल्याण पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
* बैठक के उपरांत अपर पुलिस अधीक्षक महोबा द्वारा नव-निर्मित महिला थाना का निरीक्षण किया गया तथा थाना परिसर, व्यवस्थाओं एवं आवश्यक संसाधनों का जायजा लेते हुए संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।





